बहराइच। रामगोपाल हत्याकांड में दोषियों को सजा सुनाए जाने के बाद अब पूरा मामला इस बात की मिसाल बन गया है कि तेज जांच, समयबद्ध कार्रवाई और पुख्ता साक्ष्य होने पर किसी भी जटिल केस में कम समय में न्याय मिल सकता है। पुलिस और अभियोजन पक्ष की सक्रियता ने इस मुकदमे को रिकॉर्ड अवधि में अंजाम तक पहुंचाया।
13 अक्तूबर 2024 को हुई वारदात के बाद उसी दिन एफआईआर दर्ज की गई। घटना के तत्काल बाद पुलिस की कई टीमें सक्रिय हो गईं। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, फॉरेंसिक रिपोर्ट और मौके से जुटाए गए सबूतों को तेजी से एकत्र किया गया। 11 जनवरी 2025 को आरोप पत्र न्यायालय में भेज दिया गया, जो आमतौर पर लगने वाले समय से काफी कम है।
अभियोजन पक्ष के अनुसार 12 लोगों की गवाही इस केस की रीढ़ बनी। सभी गवाह अदालत में समय से उपस्थित हुए। किसी भी प्रकार की देरी या बयान बदलने की स्थिति सामने नहीं आई। गवाहों के बयान एक-दूसरे से मेल खाते रहे, जिससे कोर्ट में अभियोजन की स्थिति मजबूत बनी रही।
18 फरवरी 2025 को आरोप विरचित होने के बाद 4 मार्च से साक्ष्य की प्रक्रिया शुरू हुई। अभियोजन पक्ष की ओर से गवाहों को क्रमवार प्रस्तुत किया गया। अदालत ने भी सुनवाई में अनावश्यक स्थगन नहीं दिया। लगातार हुई तारीखों पर साक्ष्यों और जिरह ने मुकदमे को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया।
अदालत ने भी पूरे मामले को गंभीर अपराध की श्रेणी में मानते हुए त्वरित गति से लगातार सुनवाई को प्राथमिकता देते हुए 9 दिसंबर को फैसला सुनाया।
जांच में तकनीकी साक्ष्य रहे सबसे निर्णायक
मौके से प्राप्त फॉरेंसिक साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल्स और घटनास्थल के वीडियो ने केस को तकनीकी रूप से मजबूत किया। पुलिस ने जांच में किसी भी कड़ी को ढीला नहीं छोड़ा। फॉरेंसिक एक्सपर्ट की रिपोर्ट कोर्ट में महत्वपूर्ण रही, जिसे जज ने अपने आदेश में भी अहम आधार माना।
पीड़ित परिवार ने कहा- सिस्टम ने भरोसा जीता
दोषियों पर फैसला आने के बाद पीड़ित परिवार के मुखिया कैलाश नाथ मिश्रा ने कहा कि पुलिस और न्यायालय ने जिस तेजी से कार्रवाई की, उससे उन्हें न्याय व्यवस्था पर भरोसा बढ़ा है। परिवार ने बताया कि पिछले कई महीनों से वे केवल न्याय की उम्मीद में थे। फैसले के बाद उनका भय और तनाव कम हुआ है।