नानपारा-मिहींपुरवा मार्ग पर गुरगुट्टा गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति ने अस्पताल में ही दम तोड़ दिया। दंपती इलाज कराने नानपारा आ रहे थे।
मोतीपुर थाना क्षेत्र के लालापुरवा गांव निवासी सीताराम (65) अपनी पत्नी कृष्णादेवी (63) को साइकिल पर बिठाकर मंगलवार को दोपहर में इलाज कराने के लिए नानपारा सीएचसी आ रहे थे। जब साइकिल सवार दंपती जब नानपारा-मिहींपुरवा मार्ग पर गुरगुट्टा गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेेज थी कि सीताराम साइकिल समेत खड्ड में जा गिरा, जबकि कृष्णा देवी सड़क पर ही गिर गईं। वाहन उन्हें रौंदता हुआ चला गया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और लहूलुहान सीताराम को तत्काल सीएचसी पहुंचाया गया।
वहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन जिला अस्पताल में इलाज शुरू होते ही सीताराम ने दम तोड़ दिया। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार मिश्र ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।