बहराइच। विदेश से रुपये कमाकर लौटे व्यक्ति से रिश्तेदार दंपती ने मुर्गी दाना का थोक व्यापार करने के नाम पर 16 लाख रुपये की ठगी कर ली। जब पीड़ित ने रुपये वापस मांगे तो देने से मना कर दिया। पुलिस ने दंपती पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई की।
शहर के कोतवाली के काजीपुरा निवासी ख्वाजा दानिश ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उन्होंने 10 वर्षों तक विदेश में काम कर रुपये इकट्ठा किए, ताकि वापस आकर कारोबार कर सकें। लखनऊ कैसरबाग के कांत रोड बर्लिंगटन चौराहा निवासी दंपती अदनान खान, आयशा उनके परिचित हैं। दंपती ने मुर्गी दाना के थोक कारोबार करने के बारे में बताया। उन्होंने 2023 जनवरी, मार्च माह में पांच-पांच लाख, जून में चार लाख और अगस्त माह में दो लाख कुल 16 लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए।
अब उन्होंने रुपये लौटाने से मना कर दिया। पुलिस ने तहरीर पर ठग दंपती के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। नगर कोतवाल मनोज पांडेय का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।