बहराइच। रामगांव थाना क्षेत्र में बहराइच-नानपारा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार की दोपहर तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार पति की मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं घायल पत्नी को मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पति-पत्नी की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कूटी सवार दंपती ने हेलमेट नहीं लगाया था। वहीं बहराइच-बलरामपुर मार्ग पर सोमवार की रात कल्पीपारा के पास साइकिल से घर जा रहे अधेड़ को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौत हो गयी। नवाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सतीजोर निवासी मुन्नाफ(34) मंगलवार की दोपहर स्कूटी से किसी कार्य से बहराइच जा रहे थे। मुन्नाफ के साथ उसकी पत्नी हिरातुन(32) भी स्कूटी पर सवार थी। इसी दौरान रामगांव थाना क्षेत्र में बहराइच-नानपारा राष्ट्रीय राजमार्ग पर तुलसीपुर के पास उसकी स्कूटी में बहराइच की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार पति-पत्नी उछल कर दूर जा गिरे और स्कूटी के भी परखचे उड़ गए। वहीं कार भी क्षतिग्रस्त होकर हाईवे के किनारे उतर गई।
हादसे में स्कूटी चला रहे मुन्नाफ की मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं हिरातुल गंभीर रुप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से हिरातुन को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजवाया। जहां चिकित्सकों ने उनको भी मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना जोरदार था कि इसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। थाना प्रभारी अमितेन्द्र सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कार चालक मौके से फरार हो गया था। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज होगा।
वहीं दूसरी ओर दरगाह थाना क्षेत्र में बहराइच-बलरामपुर मार्ग पर सोमवार की रात काम से घर लौट रहे ग्राम पंचाायत महराजगांव निवासी कंधई(50) को कल्पीपारा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में कंधई गंभीर रुप से चोटिल हो गया। उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया जहां इलाज के दौरान रविवार की सुबह उसकी मौत हो गयी। मृतक के भाई किशुन ने बताया कि कंधई राजगीर था, सोमवार को वह काम खत्म होने के बाद साइकिल से घर वापस आ रहा था। थाना प्रभारी रामदवन मौर्य ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है।