बहराइच। जिले में केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित 510 वाहनों में से 118 की आयु 15 वर्ष पूरी होने पर सहायक संभागीय परिवहन विभाग की ओर से इनको कबाड़ घोषित कर दिया गया है। सभी वाहनों को विभाग की ओर से स्क्रैप करा दिया है। इसके अलावा शासन का निर्देश मिलने के बाद विभाग की ओर से 15 वर्ष की आयु पूरी कर चुके निजी वाहनों को भी स्क्रैप कराने की कवायद की जाएगी।
सरकार ने पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए 15 वर्ष की आयु पूरी कर चुके वाहनों के संचालन पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। शासन ने इसके लिए जिले के सहायक संभागीय परिवहन विभाग को ऐसे वाहनों को चिह्नित कर स्क्रैप की श्रेणी में घोषित कर वाहनों की नीलामी कराने के निर्देश दिए थे। स्क्रैप वाहनों की नीलामी में सबसे पहले सरकारी वाहनों की सूची बनाई गई थी। सरकार के निर्देश के बाद विभाग की ओर से जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में संचालित 510 वाहनों में से 15 वर्ष की आयु पूरी कर चुके वाहनों को चिन्हित कराना शुरू किया था।
विभाग की ओर से वाहनों की पहचान के बाद केंद्र सरकार की ओर से संचालित 12 छोटे-बड़े वाहन और प्रदेश सरकार के अधीन संचालित 106 छोटे बड़े वाहनों की सूची तैयार कर संबंधित विभाग के जिम्मेदारों को भेजकर वाहनों को स्क्रैप कराने के लिए पत्र लिखा था। एआरटीओ से पत्र मिलने के बाद विभाग के जिम्मेदारों ने सूची के आधार पर अपने-अपने विभाग में संचालित 15 वर्ष की आयु पूरी कर चुके वाहनों को एआरटीओ की सुपुर्दगी में दे दिया था। विभाग की ओर से सभी वाहनों का स्क्रैप करा दिया गया है।
पर्यावरण सुरक्षित रखने के लिए सरकार की ओर से 15 वर्ष आयु पूरी कर चुके 118 वाहनों को स्क्रैप करा दिया गया है। निजी वाहनों को भी चिन्हित किया जा रहा है। शासन से निर्देश प्राप्त होते ही निजी वाहनों को भी स्क्रैप कराने की कवायद शुरू कर दी जाएगी।
राजीव कुमार, एआरटीओ प्रशासन