बहराइच। बोर्ड परीक्षा चाहे हाईस्कूल की हो या फिर इंटरमीडिएट की, विद्यार्थी हिंदी विषय को गंभीरता से नहीं लेते। यही कारण है कि हिंदी विषय में कम नंबर आने के कारण मेरिट प्रभावित हो जाती है। जिले के शिक्षकों का मानना है कि शुद्ध व्याकरण और सुंदर लेखन से हिंदी में अच्छे अंक प्राप्त किए जा सकते हैं। इसके अलावा भी परीक्षा की तैयारी को लेकर कुछ और टिप्स दिए हैं।
केबी इंटर कॉलेज के शिक्षक दिवाकर पांडेय बताते हैं कि यदि व्याकरण की अच्छे से तैयारी की जाए तो परीक्षा में बेहतर अंक हासिल किए जा सकते हैं। साथ ही परीक्षा में 20 अंक के बहु विकल्पीय प्रश्न पूछे जाते हैं। इनके उत्तर परीक्षार्थी को ओएमआर शीट पर देने होते हैं, जो हिंदी व्याकरण के अध्याय से आते हैं। रस, अलंकार व छंद भी बहुत महत्वपूर्ण होते हैं। परीक्षा के दौरान समय का प्रबंधन भी बहुत मायने रखता है। परीक्षा के पूर्व पढ़ाई के लिए टाइम टेबल बनाएं और सभी विषयों को उचित समय दें। कठिन विषयों पर अधिक ध्यान दें, लेकिन आसान विषय की भी नियमित पुनरावृति करें। निबंध, पत्र लेखन, अनुछेद और संवाद लेखन का भी अभ्यास करें। उत्तर लिखकर अभ्यास करें, सिर्फ पढ़ने से याददाश्त मजबूत नहीं होती, इसलिए उत्तर लिखकर अभ्यास करें। इससे लेखन गति तेज होगी और उत्तर सही ढंग से लिखने की आदत बनेगी। तनावमुक्त रहें और आत्मविश्वास बनाए रखें।
शिक्षिका डॉ. गजाला बताती हैं कि परीक्षा देने से पहले हिंदी विषय के पाठ्यक्रम और पेपर पैटर्न को अच्छी तरह से समझ लें। इसके बाद यह देख लें की किस प्रश्न को वह जल्दी हल कर सकते हैं। उसे पहले हल करें। इस प्रकार प्रश्न हल करने की वरीयता तय करें। सभी प्रश्नों को पढ़ने के बाद ही उत्तर लिखना शुरू करें। शुद्ध और सुंदर लेखन का अभ्यास करें।