चित्तौरा (बहराइच)। समाज की रक्षा के लिए कोरोना की जंग में योद्धा बने चिकित्सक अपने परिवार से दूर रहने को मजबूर हैं। वार्ड में ड्यूटी करने के बाद होटल में ही रहना और खाना होता है। सीएचसी चित्तौरा के कोविड लेवल-1 वार्ड में वर्तमान में बहराइच के 9 और श्रावस्ती के 3 पॉजिटिव मरीज भर्ती हैं। इनकी देखरेख में चिकित्सकों और पैरा मेडिकल स्टॉफ की तैनाती है। कोविड लेवल-1 अस्पताल में अपने फर्ज की ड्यूटी को अंजाम देने के लिए सभी चिकित्सकों व पैरा मेडिकल स्टॉफ को निजी संबंधों को भी दरकिनार कर देना पड़ा है। कोई अपनी पत्नी व बच्चों को छोड़ तो कोई अपने बूढ़े पिता को छोड़ कोरोना को हराने में जुटा हुआ है। इस दौरान यह सभी योद्धा फोन पर भी परिवारीजनों से संपर्क कर हाल जान रहे हैं। फोन पर बच्चों व परिवारीजनों का कुशलक्षेम जानकर इनके चेहरे पर चमक देखी जा रही है।
कर्तव्य से बढ़कर कुछ नहीं
डॉक्टर वासुदेव वर्मा कोरोना मरीजों के इलाज में लगे हैं। उनका कहना है कि कर्तव्य पहले होता है। उससे बढ़कर कुछ नहीं है। देश और समाज की सुरक्षा करने का जिम्मा हमारे कंधों पर हैं। ऐसे में हम अपने कर्तव्यों से किनारा नहीं कस सकते।
घर की समस्याएं बाद में
डॉक्टर पवन गुप्ता ने बताया कि घर की कुछ समस्याएं जरूर हैं। मगर समाज की सुरक्षा के लिए हमको जो जिम्मेदारी मिली है पहले उसे निपटाना है। घर की समस्याएं बाद में देखी जा सकती हैं। उसके लिए पूरा जीवन पड़ा है। मरीजों को इलाज देना ही प्राथमिकता है।
कोरोना हारेगा तो हम जीतेंगे
डॉक्टर प्रद्युम्न शुक्ला ने कहा कि कोविड लेवल-1 अस्पताल में ड्यूटी लगाई गई है। यह हमारे लिए एक युद्ध की तरह है। हमारे लिए राष्ट्र पहले है। कोरोना हारेगा तभी हम जीत सकेंगे। इसमें हर कोई अपना योगदान दे रहा है।
हम लड़ रहे, आप घरों में रहें
कोविड लेवल-1 में तैनात चीफ फार्मासिस्ट उमेश्वरी पांडेय ने बताया कि कोरोना की जंग में पूरा देश साथ है। लॉकडाउन के चलते लोगों को कुछ समस्या जरूर हो रही है। मगर आप सभी लोग घरों में रहें। कोरोना की लड़ाई को हम जड़ से मिटाकर देश को सुरक्षा प्रदान कर रहे हैं।
मरीजों को भी हैं हंसाते
पैरामेडिकल स्टॉफ में शामिल वार्ड ब्वॉय सीपी सिंह की भी ड्यूटी लगी है। वह मरीजों की देखभाल करते हैं। कोरोना वार्ड में भर्ती मरीजों के अंदर अकेले रहने के कारण काफी मानसिक तनाव होता है। ऐसे में वह मरीजों के साथ बैठकर उनको हंसाने का प्रयास करते हैं।