बहराइच। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सोमवार को मेडिकल कॉलेज, ट्रामा सेंटर, 14 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समेत 82 केंद्रों पर वैक्सीनेशन किया गया। इसके अलावा चार प्राइवेट अस्पतालों में भी वैक्सीन लगाई गई। इस दौरान 11480 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य दिया गया। देर शाम तक काफी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर वैक्सीन लगवाई। लक्ष्य से अधिक 11959 लोगों ने वैक्सीन लगवाई।
सीएमओ डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि 78 स्वास्थ्य केंद्र पर वैक्सीनेशन किया गया, जिसमें 45 वर्ष के बीमार और 60 वर्ष के बुजुर्ग लोगों को वैक्सीन लगाई गई। सभी केंद्रों पर अधिक से अधिक संख्या में बुजुर्गों व बीमार लोगों ने पहुंचकर वैक्सीन लगवाई। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. वीपी वर्मा ने बताया कि जिले के 82 केंद्रों पर वैक्सीनेशन का कार्य शुरू हुआ, जिसमें 11480 लोगों वैक्सीन लगाने का लक्ष्य दिया गया था। डॉ. वर्मा ने बताया कि लक्ष्य से अधिक 11959 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। डिप्टी सीएमओ डॉ. विष्णुदेव ने बताया कि जिले के चार प्राइवेट अस्पतालों में भी सोमवार को वैक्सीन लगाई गई, जिसमें आम लोगों ने 250 रुपये अदा कर वैक्सीन लगवाई। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि प्राइवेट अस्पतालों में लक्ष्य नहीं दिया गया है। यहां लोग पहुंचकर वैक्सीन लगवा सकते हैं।