बहराइच। कोरोना का संक्रमण लगातार लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है। बुधवार को कराई गई जांच में सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम सदर, रिसिया नगर पंचायत के चेयरमैन व मेडिकल कालेज के लैब टेक्नीशियन समेत 45 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को देखते हुए शासन ने जिला को रेड जोन घोषित कर दिया है। दो सचिव जिले को भेजे जा रहे हैं।
जिले में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार देर शाम को जारी की गई कोरोना रिपोर्ट में 45 रोगी पॉजिटिव मिले हैं। इनमें मेडिकल कालेज के ट्रू नॉट मशीन के लैब टेक्नीशियन भी शामिल है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेश सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमितों को होम आईसोलेट के साथ कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संक्रमित लोगों की देखभाल के लिए चिकित्सकों की टीम लगाई गई है। उधर लगातार नगरीय क्षेत्र में कोरोना की बढ़ रहे रफ्तार को देखते हुए शासन भी चिंतित है। शासन ने मंगलवार को जिले को रेड जोन घोषित कर दिया है। जिले में दो सचिव की तैनाती की है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जिले में कोरोना की रफ्तार किस हद से बढ़ रही है।