बहराइच। कोरोना महामारी की दूसरी लहर मेें ऑक्सीजन व दवाइयों के अभाव मेें लाखों लोगों ने अपनी जान गवां दी। कांग्रेस मौजूदा हालात को देखते हुए राजनीति छोड़कर इस महामारी मेें सेवा सत्याग्रह कार्यक्रम चलाकर होम आइसोलेट मरीजों को दवा की किट का नि:शुल्क वितरण करेगी। जिले के लिए 20 हजार मेडिकल किट कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने भेजी हैं। अभियान बृहस्पतिवार से शुरू होगा।
जिलाध्यक्ष इंजीनियर जेपी मिश्रा ने कहा कि प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी की ओर से जिले के होम आइसोलेट संक्रमित मरीजों को वितरित करने के लिए 20 हजार दवा की किट भेजी गई है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि तीन जून से कांग्रेसजन ग्रामीण व शहरी क्षेत्र मेें लोगों के बीच पहुंचकर दवा किट का वितरण करेंगे। इस दौरान मुकुंदजी शुक्ल, विजय कुमार शर्मा, अमरनाथ शुक्ल, कमला सोनी, महिपाल सिंह आदि मौजूद रहे।