पयागपुर (बहराइच)। नगर पंचायत क्षेत्र से निकलने वाले कूड़े से खेतों में फसल लहलहाएगी। इसके लिए तहसील क्षेत्र में कूड़ा निस्तारण करने के लिए मशीन लगाई जाएगी। मशीन से खाद बनाई जाएगी। इसके लिए तहसील प्रशासन ने जमीन का चयन कर लिया है।
तहलील क्षेत्र से निकलने वाले कूड़े का निस्तारण कर खाद बनाई जाएगी। खाद को किसानों को बेचा जाएगा। इसके लिए नगर पंचायत क्षेत्र में 0.592 हेक्टेअर में कूड़ा निस्तारण के लिए गड्ढा व 0.444 हेक्टेअर में मशीन स्थापित की जाएगी। एसडीएम दिनेश कुमार ने बताया कि इसके लिए सहसरावा में जमीन चयनित की गई है। प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया गया है। शासन स्तर से मंजूरी मिलते ही टेंडर निकाल कर निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इससे किसानों को सीधे तौर पर फायदा होगा। जैविक खाद की किल्लत से जूझ रहे किसानों को आसानी से खाद मिल जाएगी। उन्हें जैविक खेती करने में आसानी होगी।