बहराइच। बाढ़ से बचाव के लिए तटबंध की मरम्मत के काम का डीएम ने सोमवार को जायजा लिया। अमर उजाला ने सोमवार को बाढ़ से बचाव को लेकर चल रहे सुस्त रफ्तार काम को उजागर किया गया था। इस खबर को डीएम ने इसे गंभीरता से लिया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से बात की। अफसरों को 15 जून तक सभी काम पूरा करने के निर्देश दिए।
घाघरा नदी के बाएं तट पर स्थित ग्राम समूह मंझारा तौकली, ग्यारह सौ रेती तथा गोढ़हिया नंबर तीन की कटान से सुरक्षा को 460.20 लाख की लागत से बनाए जा रहे 975 मीटर तटबंध कार्य का डीएम मोनिका रानी ने निरीक्षण किया गया।
एक्सईएन सरयू ड्रेनेज खंड शोभित कुशवाहा ने बताया कि कटान रोधी कार्य से लगभग 13,500 की आबादी व 2098.87 हेक्टेयर कृषि योग्य भूमि की सुरक्षा होगी। निरीक्षण के समय मौके पर मौजूद ग्रामीणों से जिलाधिकारी ने बात की। उन्होंने बाढ़ के समय उनके अनुभवों, बाढ़ के दौरान उनके समक्ष उत्पन्न होने वाली कठिनाइयों के बारे में जानकारी ली।
डीएम मोनिका रानी ने तहसील प्रशासन को निर्देश दिया कि संभावित बाढ़ से पूर्व राहत एवं बचाव कार्यों के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर लें। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी कैसरगंज महेश कुमार कैथल, बीडीओ सर्वेश कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे।