बहराइच। मंडलायुक्त ने तीन धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण करते हुए धान खरीद की हकीकत जांची है। निरीक्षण के दौरान खुटेहना में स्थित एक क्रय केंद्र बंद मिला है। जिस पर जिला प्रबंधक को चेतावनी जारी करते हुए केंद्र प्रभारी पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
आयुक्त देवीपाटन मण्डल महेन्द्र कुमार ने मार्केटिंग के धान क्रय केंद्र खुटेहना का निरीक्षण कर मौके पर मौजूद केंद्र प्रभारी क्षेत्रीय विपणन अधिकारी राजेश कुमार व क्रय केंद्र पर मौजूद किसानों से धान खरीद के बारे में आवश्यक जानकारी प्राप्त की। केंद्र प्रभारी ने बताया कि दो दिसंबर तक 84 किसानों से 5384 क्विंटल धान की खरीद की गई है।
29 नवंबर तक किये गये धान खरीद का भुगतान किसानों को कर दिया गया है। यहां पर क्रय एजेंसी पीसीयू द्वारा संचालित धान क्रय केंद्र बंद मिला। जिसके बारे में कोई जानकारी नहीं हो सकी। मंडलायुक्त ने केंद्र बंद होने पर नाराजगी जताते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद आयुक्त ने विशेश्वरगंज स्थित पुरैनामोड़ धान क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। यहां पर मौजूद केंद्र प्रभारी क्षेत्रीय विपणन अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अब तक 49 किसानों से 2849 क्विंटल धान की खरीद की गई है।
29 नवंबर तक किये गये धान खरीद का भुगतान कर दिया गया है। केंद्र प्रभारी द्वारा यह भी जानकारी दी गयी कि तकनीकी समस्या के कारण 6 किसानों का भुगतान लंबित है। इस बारे में आयुक्त ने केंद्र प्रभारी को निर्देश दिया कि तीन दिन में समस्या का समाधान कराकर भुगतान सुनिश्चित करायें।
डिप्टी आरएमओ संजीव सिंह ने बताया कि मंडलायुक्त के निरीक्षण में बंद पाए गए धान केंद्र का संचालन क्रय एजेंसी पीसीयू द्वारा किया जा रहा है। इनके जिला प्रबंधक संजीत यादव को चेतावनी जारी की गई है। केंद्र प्रभारी पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।