बहराइच में एक दिन की कोतवाल बनी छात्राओं को सम्मानित करते डीएम व एसपी।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। मिशन शक्ति अभियान के तहत कप्तान के अनूठे प्रयोग को जिले में सराहना मिल रही है। मंगलवार को एसपी कार्यालय में जिले के पांच थानों में थानाध्यक्ष बनाई गईं बेटियों को डीएम ने सम्मानित किया। साथ ही सुझाव मांग कर अमल में लाने का भरोसा भी दिया।
उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर जिले में मिशन शक्ति अभियान का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन कुमार मिश्रा ने अनूठी पहल करते हुए जिले के पांच थानों में बेटियों को एक दिन के लिए थानाध्यक्ष बनाने के निर्देश दिए थे। इसके तहत रविवार को बाल शिक्षा निकेतन गर्ल्स कॉलेज की छात्रा उमा सिंह को कोतवाली नगर, मामराज राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्रा तनिष्का सिंह को थाना पयागपुर, रामप्यारे शिवशंकर इंटर कॉलेज की छात्रा मानसी तिवारी को थाना खैरीघाट, राहत जनता इंटर कॉलेज की छात्रा इरा फातिमा को कोतवाली नानपारा और विजय लक्ष्मी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा आंचल को फखरपुर थाने का प्रभार सौंपा गया था। सभी छात्राओं ने फरियादियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। साथ ही पुलिस को कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। इसी के तहत एसपी ने मंगलवार को सभी छात्राओं को पुलिस कार्यालय बुलाया था। यहां पर डीएम शंभु कुमार ने छात्राओं को सम्मानित किया। उनके एक दिन के अनुभव के आधार पर उनके सुझाव भी मांगे। एसपी ने सम्मानित बेटियों से इस अभियान को और आगे बढ़ाने की बात कहते हुए उनकी हौसला अफजाई की।