बहराइच। अन्य जिलों में जहां आलू भंडारण को लेकर किसान परेशान हैं वहीं बहराइच में कोल्ड स्टोरेज स्वामी अपने यहां खाली पड़ी जगह को बाहरी आलू से भरने की तैयारी कर रहे हैं। जिले के छह कोल्ड स्टोरेजों में 2, 54, 611 क्विंटल आलू भंडारण की क्षमता है, जिसमें से अभी मात्र 1, 75, 404 क्विंटल आलू भंडारण ही किया गया है। कोल्ड स्टोर में अभी भी 79207 क्विंटल आलू भंडारण की क्षमता बची हुई है। वहीं सरकार ने भी आलू खरीदने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को दिया है। इससे किसानों काे फायदा हो सकता है।
जिले में आलू उत्पादन का रकबा धीरे-धीरे घट रहा है। वर्तमान में जिले के लगभग 5000 किसान आलू की खेती कर रहे हैं और इस बार लगभग 4.75 लाख क्विंटल का उत्पादन हुआ है। जिले में उत्पादित 4.75 लाख क्विंटल आलू का दो तिहाई किसान बिक्री कर देते हैं और अपने खाने के लिए रख लेते हैं। वहीं उत्पादित आलू का लगभग एक तिहाई किसान कोल्ड स्टोर में भंडारित करते हैं। ऐसे में कई किसान भंडारण को लेकर चिंतित थे, कि कहीं कोल्ड स्टोरेज में जगह भर न जाए और उनके आलू को जगह न मिल पाए। बताते चलें कि जिले के छह कोल्ड स्टोरोज में अभी 79207 क्विंटल आलू भंडारण की जगह बची हुई है। शहर के जैन कोल्ड स्टोरेज 52, 750 क्विंटल क्षमता के सापेक्ष पूरी तरह फुल है। वहीं बहराइच कोल्ड स्टोरेज में 18, 500 क्विंटल क्षमता के सापेक्ष 16000 क्विंटल आलू, आरके कोल्ड स्टोरेज में 41,030 क्विंटल के सापेक्ष 27, 274 क्विंटल आलू, छोटेलाल कोल्ड स्टोरेज में 74, 700 क्विंटल क्षमता के सापेक्ष 31, 240 क्विंटल आलू, कैसरगंज के परम सुंदरम कोल्ड स्टोरेज में 47, 786 क्विंटल के सापेक्ष 41, 368 क्विंटल आलू और भोलानाथ कोल्ड स्टोरेज में 19, 863 क्विंटल के सापेक्ष 6, 772 क्विंटल आलू भंडारित है। सभी छहों कोल्ड स्टोरों में 2, 54, 611 क्विंटल के सापेक्ष 1, 75, 404 क्विंटल आलू भंडारित है और 79207 क्विंटल आलू भंडारण की क्षमता अभी भी बरकरार है।
बाहरी आलू भी रखा जाएगा
जिले में आलू उत्पादन कम होने से बाहरी आलू रखकर कोल्ड स्टोरेज भरे जाते हैं। जिले के किसानों का आलू कोल्ड स्टोरों में भंडारित हो चुका है। अब खाली बची जगह में बाहर के जिलों से आने वाले किसानों का आलू रखने की तैयारी है। अगर बाहर से कोई किसान आलू लेकर आता है, तो उसका आलू भंडारित किया जाएगा। आलू खरीद को लेकर शासन में बैठक हुई है लेकिन अभी इसे अमल में नहीं लाया जा सका है।
पारसनाथ, जिला उद्यान अधिकारी, बहराइच