तराई में पारा लगातार लुढ़क रहा है। कड़ाके की ठंड आम लोगों पर भारी पड़ रही है। शुक्रवार रात ठंड की चपेट में आकर एक माली व एक युवक की मौत हो गई। असहनीय पेट दर्द और कंपकपी के बाद दोनों ने दम तोड़ दिया। दोनों के परिवारीजनों ने तहसील को सूचना देने के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
राजस्व कर्मियों ने मौके पर पहुंच बयान दर्ज कर रिपोर्ट अधिकारियों को भेजी है। जरवल नगर पंचायत में लालनटोला निवासी राम बहादुर (47) पुत्र भगौती फूल बेचकर परिवार का भरण पोषण करता था। सुबह पूजा के लिए फूल पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार रात में रामबहादुर खेत से फूल लेकर आया। इस दौरान उसे ठंड लग गई।
तड़के तीन बजे असहनीय पेट दर्द और थरथराहट होने लगी। इस पर परिवारीजनों ने अलाव जलाकर राम बहादुर को राहत पहुंचाने की कोशिश की लेकिन उसकी हालत बिगड़ती गई। अस्पताल ले जाने की तैयारी के दौरान राम बहादुर ने दम तोड़ दिया। इससे घर में कोहराम मच गया। सुबह सूचना तहसील को दी गई तो लेखपाल वाहिद कमाल ने मौके पर पहुंच बयान दर्ज किया। रिपोर्ट तहसील को भेजी है।
बौंडी क्षेत्र में कोदही पंडितपुरवा निवासी राकेश (32) पुत्र रामधीरज शुक्रवार शाम खेत में धनिया की फसल की निराई करने गया था। इसी दौरान उसे ठंड लगने से पेट में दर्द होने लगा। घर लौटने पर राकेश को उल्टियां होने लगीं। परिवारीजन उसे अस्पताल ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इसकी सूचना तहसील को दी गई। दोनों ही मृतकों का परिवारीजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराया।