बेड़नापुर के रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करतीं कमिश्नर देवीपाटन मंडल।
बौंडी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को बेड़नापुर पहुंचकर 350 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वह जनसभा को भी संबोधित करेंगे। हालांकि, रविवार रात हुई जोरदार बारिश से मैदान में जलभराव हो गया है। इससे अफसरों की चुनौतियां बढ़ गईं। सोमवार को प्रशासनिक अमला पूरे दिन जलनिकासी, कीचड़ हटाने और मैदान को जनसभा योग्य बनाने में जुटा रहा, ताकि हजारों लोगों की मौजूदगी के बीच कार्यक्रम में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासन के अनुसार जनसभा में करीब 12 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है। जनसभा के बाद मुख्यमंत्री श्रावस्ती के सीताद्वार रवाना होंगे, जहां वह दूसरी जनसभा को संबोधित करेंगे। सोमवार को कमिश्नर दुर्गा शक्ति नागपाल, डीआईजी अशोक शुक्ला, जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव तथा महसी विधायक सुरेश्वर सिंह ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने हेलीपैड, मंच, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था और वीआईपी मार्ग का जायजा लेकर संबंधित विभागों को समयबद्ध ढंग से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। प्रशासन का दावा है कि बारिश के बावजूद सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएंगी, जबकि सुरक्षा एजेंसियां भी पूरे कार्यक्रम को लेकर अलर्ट मोड पर हैं।
मुख्यमंत्री के दौरे से चमकी तेजवापुर पीएचसी की सूरत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे से पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तेजवापुर की तस्वीर बदलने लगी है। कार्यक्रम स्थल के निकट होने के कारण पीएचसी को सुरक्षा की दृष्टि से सेफ हाउस बनाया गया है। वर्षों से जर्जर भवन में अब युद्धस्तर पर मरम्मत, रंगाई-पुताई, बिजली वायरिंग और खिड़की-दरवाजों को दुरुस्त करने का काम चल रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आपात स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त बेड, दवाएं, एंबुलेंस और मेडिकल टीम की व्यवस्था भी की जा रही है।