हेमरिया में दिखे भेड़ियों के वायरल वीडियो की तस्वीर।
तेजवापुर(बहराइच)। महसी तहसील क्षेत्र में भेड़िये की दहशत लगातार जारी है। बुधवार सुबह कोतवाली देहात के हेमरिया गांव में दो भेड़िये देखे जाने का दावा किया गया। ग्रामीणों ने खेतोंं में घूम रहे तथाकथित भेड़ियों का वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। भेड़िया देखे जाने की सूचना के बाद से ग्रामीणों में दहशत है और वे हाथाें में डंडा लेकर रखवाली कर रहे हैं।
कोतवाली देहात के हेमरिया निवासी शिवगोपाल व लवकुश ने बताया कि बुधवार की सुबह लगभग छह बजे वो दोनों खेत में लगी धान की नर्सरी देखने गए थे। इस दौरान खेतों में दो भेड़ियों को जाते दिखे। ग्रामीणों ने बताया कि भेड़िया देख वे दोनों सहम गए और भेड़ियों का फोटो व वीडियो बनाया। साथ ही तत्काल इसकी सूचना गांव के अन्य लोगों को दी। सूचना पर लाठी-डंडा लेकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और खेतोंं में भेड़िये की तलाश की। लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के पास भेड़िया दिखने के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्राम प्रधान राम छबीले यादव ने बताया कि ग्रामीणों को सजग रहने को कहा गया है। साथ ही भेड़िया दिखने की सूचना वन विभाग को दी है, लेकिन घंटों बीतने के बाद भी वन कर्मी मौके पर नहीं पहुंचे हैं।
आयुष की मौत के बाद से दहशत
महसी तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत गदामार कला निवासी दो वर्षीय आयुष को एक सप्ताह पूर्व भेड़िया उठा ले गया था और गन्ने के खेत में उसका शव मिला था। वहीं खमरिया हरदो पट्टी के बैज्जला गांव निवासी 12 वर्षीय बच्चे पर भी जंगली जानवर ने हमला किया था। इसके बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन टीम ने आयुष की मौत के बाद सघन चेकिंग अभियान चलाया था। इस दौरान ग्राम पंचायत सिसैया चूणामणि गांव के मजरा सरदार पचासा में थर्मल ड्रोन कैमरे में कैद हुई मादा भेड़िया को वन विभाग ने पकड़ा था। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली थी। लेकिन बुधवार को हेमरिया गांव में दो भेड़ियों के देखे जाने के दावे व वीडियो वायरल होने के बाद दहशत फिर बढ़ गई है।
वर्जन::
ग्रामीणों से जानकारी मिली है। वीडियो की जांच की जा रही है, लेकिन वीडियो दूर से बनाए जाने से स्पष्ट नहीं है। मौके पर वन टीम लगाकर खोजबीन करवाई जा रही है। -मोहम्मद शाकिब, रेंजर