बहराइच । शहर के प्रमुख चौराहों पर आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है। ऐसा तब है जबकि इस सभी चौराहों पर यातायात सुचारु करने के लिए पुलिस से लेकर होमगार्ड जवानों तक की तैनाती है। ऐसे में जाम लगने पर इन कर्मियों पर ड्यूटी में लापरवाही का आरोप लगता है लेकिन अब ड्यूटी में लापरवाही करने वाले कर्मियों की खैर नहीं है। यातायात कार्यालय में समेकित नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। जहां से 24 घंटे शहर के सभी प्रमुख चौराहों व स्थानों पर नजर रखी जाएगी।
शहर के प्रमुख चौराहों पर कोई भी बड़ी घटना होने के बाद कई बार ऐसे आरोप लगते हैं कि ड्यूटी पर तैनात कर्मी घटना के समय वहां मौजूद नहीं थे। नियंत्रण कक्ष के माध्यम से उन आरोपों की जांच में भी आसानी होगी और मौके पर कर्मियों के नदारद होने पर रिस्पांस टीम भी भेजी जा सकेगी। नियंत्रण कक्ष में समय-समय पर पुलिस उच्चाधिकारी भी जांच करने पहुंचते है जिससे कर्मियों में ड्यूटी पर लापरवाही करने पर कार्रवाई का भी भय बना रहेगा। वर्तमान में कक्ष में तीन एलईडी लगाई गई है। एक एलईडी पर लगभग 25 कैमरों की मानिटरिंग होती है। इस तरीके से 24 जगहों पर लगे 73 कैमरों से गतिविधियिों पर नजर रखी जा रही है।
आने वाले समय में कैमरों से ऑनलाइन चालान होने की भी संभावना
अभी जहां यातायात कर्मी चौराहों पर मौजूद होकर नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों का चालान करते है। वहीं देखा गया है अक्सर कई लोग उनकी नजरों से बचकर निकल जाते है। भविष्य में कैमरों की गुणवत्ता बढ़ाने के साथ ही नियंत्रण कक्ष से ही ऑनलाइन चालान किए जाने की संभावना जताई जा रही है। इससे यातायात नियम तोड़ने वालों पर लगाम लगेगी और हादसों में भी कमी आएगी।
अराजक तत्वों पर भी रहेगी नजर
नियंत्रण कक्ष से चौराहों पर लगे कैमरों के माध्यम से ड्यूटी पर तैनात कर्मी संदिग्ध व अराजक तत्वों पर भी नजर रखी जाएगी। कुछ भी संदिग्ध गतिविधि दिखने पर चौराहे पर मौजूद टीम को तुरंत सूचना देकर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जिससे स्थिति बिगड़ने से पहले ही काबू में की जा सके।
जाम की स्थिति होने पर तुरंत भेजी जाएगी रिस्पांस टीम
शहरवासी आए दिन जाम की समस्या से परेशान रहते है। कैमरों की देखरेख के बाद जाम किन परिस्थितियों में लग रहा है, मौजूद यातायात कर्मी को जानकारी देते हुए अवरोध दूर कराया जाएगा। अगर जाम खुलने में अधिक देरी लगती है तो अन्य ट्रैफिककर्मियों को भी समस्या वाली जगह पर भेजा जाएगा। इससे समस्या से निजात पाने में आसानी होगी।
प्रमुख चौराहों व बाजारों में नियंत्रण कक्ष से नजर रखने के साथ ही जरूरत के मुताबिक टीम मौके पर मौजूद कर्मियों की मदद के लिए भेजी जाएगी। वहीं आने वाले समय में कैमरों के माध्यम से ऑनलाइन चालान काटे जाने की भी संभावना है। जाम और अराजक तत्वों पर भी नजर रखी जा रही है।
बृजेंद्र मिश्रा, यातायात निरीक्षक