तेजवापुर (बहराइच)। ग्राम पंचायत खसहा मोहम्मदपुर स्थित बागेश्वरी मंदिर में मूर्तियों को खंडित किए जाने के बाद से गांव में तनाव है। ग्रामीणों ने खंडित मूर्तियों को जबरन विसर्जित कराने का आरोप पुलिस पर लगा शुक्रवार को उग्र प्रदर्शन किया था। लेकिन शनिवार सुबह वायरल हुए एक वीडियो ने ग्रामीणों के आरोपों की पोल खोल दी। वायरल वीडियो में पांच से 10 साल के बच्चे ठेलिया पर खंडित मूर्तियों को लेकर जाते दिख रहे हैं। वीडियो में ये बालक मूर्तियों को नदी में फेंकते भी दिख रहे हैं। वायरल वीडियो अमर उजाला के पास मौजूद है, लेकिन इसकी प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर पुलिस के खिलाफ की नारेबाजी
अराजकतत्वों द्वारा मूर्ति खंडित किए जाने से नाराज ग्रामीण शुक्रवार रात लगभग आठ बजे नारेबाजी करते हुए सड़क पर उतरे। ग्रामीणों ने बहराइच-बलवापुर मार्ग जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने रामगांव थाना पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया और थाना प्रभारी के खिलाफ जमकर हंगामा किया।
सोशल मीडिया पर उग्र प्रदर्शन की तैयारी करने पर केस दर्ज
सीओ महसी डीके श्रीवास्तव ने बताया कि खसहा मोहम्मदपुर गांव में मूर्ति खंडित करने वाले अराजक तत्वोंं के खिलाफ केस दर्ज कर विवेचना की जा रही है। लेकिन कुछ लोग सोशल मीडिया पर लोगों की धार्मिक भावनाएं भड़का कर उग्र प्रदर्शन की तैयारी कर रहे थे। सोशल मीडिया ग्रुपों के जरिए लोगों को भड़काने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ रामगांव थाने पर केस दर्ज किया गया है।
खसहा मोहम्मदपुर में मंदिर की खंडित मूर्तियों को ग्रामीणों ने आपसी सहमति से नदी में विसर्जित कर दिया है। घटना में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है। कुछ संदिग्धों से पूछताछ हो रही है। माहौल बिगाड़ने वालोंं पर सख्त कार्रवाई होगी। -डीपी तिवारी, एएसपी ग्रामीण