बहराइच के पायनियर पब्लिक स्कूल में आयोजित बाल मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करतीं छात?
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। त्रिमुहानीघाट रोड स्थित पायनियर पब्लिक स्कूल में उल्लास व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मंगलवार को बाल मेले का आयोजन किया गया। बाल मेले में राष्ट्रीय एकता व अखंडता की झलक बच्चों के कार्यक्रम में नजर आयी। इसके साथ ही आयोजित फैंसी ड्रेस शो में छात्र-छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन कर जमकर तालियां बटोरीं।
बाल मेले का उद्घाटन महसी विधायक सुरेश्वर सिंह ने फीता काटकर किया। विधायक ने कहा कि बच्चों की ओर से प्रस्तुत किए गए कार्यक्रम में राष्ट्रीय एकता व अखंडता को बनाए रखने का जो जज्बा दिखा है, उन्हें एक आदर्श व सांस्कारिक बालक के रूप में समाज में सम्मान दिलाएगा। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने गीत, भजन व लोक नृत्य प्रस्तुत किए।
छात्र-छात्राओं की ओर से महिला सशक्तिकरण, भ्रूण हत्या, मां का महत्व, सीमा पर तैनात सैनिकों के त्याग और बलिदान और पर्यावरण संरक्षण के लिए पॉलीथीन को प्रतिबंधित करने समेत अन्य विषयों पर प्रस्तुत किए गए कार्यक्रम को भी काफी सराहा गया। फैंसी ड्रेस शो में प्ले ग्रुप से लेकर कक्षा पांच तक के बच्चों ने हिस्सा लिया। जिसमें ब्लू हाउस ने पहला, रेड हाउस ने दूसरा और ग्रीन व ऐलो हाउस ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम को भाजपा नेता शिवम जायसवाल, नगर शिक्षा अधिकारी अजय द्विवेदी, मानवाधिकार एसोसिएशन के संतोष सिंह आदि ने संबोधित किया। इस दौरान प्रबंधक एसए किरमानी, अतीक उल्ला, संजीव, शारिक किरमानी, सलीम आदि मौजूद रहे।