फखरपुर। रानीपुर थाना क्षेत्र के बसहिया गांव में मंगलवार सुबह घर के आंगन में खेलते समय बिजली के बोर्ड को छूने से तीन साल का मासूम करंट की चपेट में आ गया। बच्चे की चीख सुनकर उसे बचाने दौड़ी मां भी करंट लगने से झुलस गई। परिजन दोनों को सीएचसी फखरपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने बालक को मृत घोषित कर दिया। मां का इलाज चल रहा है। घटना से परिवार में चीख-पुकार मच गई।
बसहिया गांव निवासी रामतेज की पुत्री शकुंतला का विवाह करीब 15 वर्ष पहले तेजवापुर निवासी मुनीजर के साथ हुआ था। रामतेज की कोई अन्य संतान नहीं होने के कारण शकुंतला अपने पति और तीन बच्चों के साथ मायके में रहकर माता-पिता की देखभाल करती हैं। तीन बच्चों में अंकुश सबसे छोटा था।
मंगलवार सुबह अंकुश घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान उसने वहां लगे बिजली के बोर्ड को छू लिया। बोर्ड में करंट उतरने से वह उसकी चपेट में आकर झुलस गया। बच्चे को तड़पता देख मां शकुंतला उसे बचाने के लिए दौड़ीं, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गईं।
हादसे में मां-बेटे दोनों झुलस गए। परिजन आनन-फानन दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फखरपुर ले गए। वहां चिकित्सकों ने अंकुश को मृत घोषित कर दिया, जबकि शकुंतला का उपचार जारी है। सीओ कैसरगंज डीके श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। पुलिस टीम को मौके पर भेजकर मामले की जांच कराई जा रही है।