मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 22 दिसंबर को श्रावस्ती दौरे पर आएंगे। इस दौरान वह बहराइच पहुंचेंगे। प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री यासर शाह के आवास पर आधे घंटे ठहरने के बाद वह लखनऊ प्रस्थान कर जाएंगे।
प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का 22 दिसंबर को श्रावस्ती में फोरलेन के उद्घाटन व भ्रमण का कार्यक्रम निर्धारित है। जिसके तहत मुख्यमंत्री श्रावस्ती में कार्यक्रम निपटाने के बाद दोपहर 1:55 बजे सड़क मार्ग द्वारा श्रावस्ती से बहराइच के लिए प्रस्थान करेंगे। 2:30 बजे वह प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री यासर शाह के शहर स्थित आवास मोहल्ला काजीपुरा पहुंचेंगे।
यहां पर जलपान व अधिकारियों से विकास कार्यों की जानकारी लेने के बाद वह तीन बजे हेलीपैड पुलिस लाइन को प्रस्थान करेंगे। पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड से वह 3:15 बजे लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम आने के बाद प्रशासनिक अमले में गहमागहमी तेज हो गई है।