बहराइच के मेडिकल कालेज में शुक्रवार को पहली बार कैंसर रोगी की कीमियोथेरेपी की गई।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। मेडिकल कॉलेज के एनसीडी क्लीनिक में कैंसर के रोगियों के इलाज की सुविधा थी, लेकिन यहां कीमोथेरेपी नहीं हो रही थी। शुक्रवार को पहली बार कैंसर के एक रोगी की कीमोथेरेपी कर उसका इलाज शुरू किया गया। इससे कैंसर रोगियों को इलाज व कीमोथेरेपी के लिए लखनऊ के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
मेडिकल कॉलेज में एनपीसीडीसीएस संबद्ध जिला अस्पताल में डे केयर सेंटर में शुक्रवार को कैंसर रोगी प्यारे लाल (60) को कीमोथेरेपी की सुविधा दी गई। एनसीडी क्लीनिक के नोडल फिजीशियन डॉ. पारितोष तिवारी ने बताया कि एनसीडी के महाप्रबंधक डॉ. एबी सिंह के निर्देशन में जिले में कीमोथेरेपी की सुविधा शुरू की गई।
डॉ. पी तिवारी की देखरेख में सदस्य बृजप्रकाश, पुनीत शर्मा, रेखा, प्रीती, विवेक श्रीवास्तव व वकील अहमद ने मरीज की कीमोथेरेपी करायी। डॉ. पारितोष तिवारी ने बताया कि मेेडिकल कॉलेज के वार्ड नंबर नौ में एनसीडी क्लीनिक का संचालन किया जा रहा है। अब जिले के कैंसर रोगियों को इलाज के लिए लखनऊ के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। कैंसर रोगियों को मेडिकल कॉलेज बहराइच में ही इलाज व कीमोथेरेपी की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित डॉक्टर व स्टाफ की देखरेख में कैंसर रोगियों का इलाज होगा।
छह बेड का बना वार्ड
एनसीडी क्लीनिक के प्रभारी डॉ. पारितोष तिवारी ने बताया कि कैंसर रोगियों के इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में छह बेड का वार्ड बनाया गया है। इस वार्ड में मरीजों को भर्ती कर इलाज किया जाएगा। साथ ही मरीजों को परामर्श व अन्य जानकारी दी जाएगी।