डिगिहा के पास बड़ा मंगल पर प्रसाद वितरित करते श्रद्धालु।
- फोटो : डिगिहा के पास बड़ा मंगल पर प्रसाद वितरित करते श्रद्धालु।
बहराइच। ज्येष्ठ माह के चौथे बड़े मंगल पर शहर से कस्बों तक सेवा, श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। जिला मुख्यालय में जहां प्रमुख मार्गों और गलियों में प्रसाद वितरण के स्टॉल लगाए गए, वहीं तहसील और ब्लॉक मुख्यालयों पर भी भंडारों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
श्री सिद्धनाथ महादेव मठ मंदिर में पांच हजार वर्ष प्राचीन दक्षिणमुखी श्री हनुमान जी महाराज का सवा सौ लीटर दूध से महाभिषेक किया गया। मंदिर के महंत स्वामी रवि गिरी ने बालाजी महाराज का भव्य शृंगार किया। मंदिर परिसर में आयोजित भंडारे में देर रात तक हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर दर्शन-पूजन किया।
शहर में केडीसी के सामने महाराणा प्रताप चौक पर भी भंडारा लगा। इस दौरान पंडित राजकुमार बाजपेई और पंडित पुंडरीक पांडेय ने रामनामी भेंटकर अतिथियों का सम्मान किया। गुरुनानक चौक के निकट डॉ. उमेश कुमार मायर ने भंडारा लगाया। सरयू ड्रेनेज खंड की ओर से कल्पीपारा में आयोजित भंडारे में अधीक्षण अभियंता श्यामजी चौबे, अधिशासी अभियंता जय प्रकाश वर्मा आदि ने प्रसाद बांटा। रिसिया प्रतिनिधि के अनुसार में भारत विकास परिषद ने इंदिरा नगर मोहल्ले में निशुल्क प्याऊ का शुभारंभ किया। इस दौरान सुधीश अग्रवाल, संजय चिरानिया आदि मौजूद रहे। पयागपुर प्रतिनिधि के अनुसार भूपगंज बाजार से स्टेशन चौराहे तक पूरा क्षेत्र हनुमान भक्ति में सराबोर दिखा। जगह-जगह भंडारों में प्रसाद बांटा गया। रुपईडीहा प्रतिनिधि के अनुसार भारत-नेपाल सीमा स्थित नगर पंचायत क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर भंडारे लगे। पूर्व ब्लॉक प्रमुख हरीश चंद समेत कई लोगों ने आयोजन में सहयोग किया। बाबागंज प्रतिनिधि के अनुसार नवाबगंज, बरगदहा, कलवारी और आसपास के क्षेत्रों में भी श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।