बहराइच। कल्पीपारा में असोम रोड पर पुलिस चौकी के ठीक सामने पुलिया में कुछ दबंगों ने जेसीबी से पेड़ की जड़ डालकर पटान कर दी।
इसके चलते ग्रामीण बैंक व निजी संस्थानों समेत कई आवासों की जलनिकासी ठप हो गई है। इस कारण जमीन दलदल हो गई है, जिससे मनकामेश्वर मंदिर के सामने लगा बिजली पोल जमीन मंदिर पर गिर गया।
बिजली सप्लाई भी प्रभावित है। इस मामले में दरगाह पुलिस चुप्पी साधे हुए है। अब एसडीएम और नगर मजिस्ट्रेट ने नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष को जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं।
दरगाह शरीफ थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्पीपारा चौराहे पर इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक है। बैंक के ठीक सामने गल्लामंडी पुलिस सहायता केंद्र है।
इस पुलिस चौकी पर 24 घंटे एक दरोगा और छह पुलिसकर्मियों की ड्यूटी होती है। इस पुलिस चौकी के ठीक सामने असोम रोड पर जलनिकासी के लिए पुलिया है।
इस पुलिया से व्यवसायी, इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक, एक निजी बाइक कंपनी की सर्विस सेंटर समेत आवासीय मकानों के पानी की जलनिकासी होती है।
लेकिन, बीते बुधवार को क्षेत्र का एक ईंट भट्ठा मालिक अपने आधा दर्जन सहयोगियों के साथ मौके पर आ धमका। अकारण उसने पुलिया में पेड़ की जड़ डालकर मिट्टी की पटान करवा दी।
साथ ही व्यवसायी आरसी गुप्ता के घर के सामने जेसीबी से गड्ढा खोदवा दिया। इस दौरान एक कथित पीडब्ल्यूडी कर्मी भी मौजूद था, जिसने मकान तोड़वाने तक की धमकी दे दी।
पुलिस सहायता केंद्र पर दरोगा और सिपाही मौजूद थे लेकिन उन्होंने हस्तक्षेप नहीं किया। पुलिया की पटान होने से जलनिकासी ठप हो गई है।
व्यवसायी के गोदाम व आवासीय इलाकों में पानी भरने लगा। इस कारण मानकामेश्वर मंदिर के सामने स्थित विद्युत पोल रात में धसक कर मंदिर पर ढह गया।
संयोग से कोई हादसा नहीं हुआ लेकिन मंदिर की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। बैंक के सामने भी तार लटक रहा है।
इस मामले में थाने पर तहरीर दी गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। तब आस पड़ोस के लोगों ने मंगलवार को एसडीएम और सिटी मजिस्ट्रेट से गुहार लगाई।
एसडीएम आरसी शुक्ला और नगर मजिस्ट्रेट जेपी पांडेय ने नगर पालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी संगीता कुमारी को मौके का मुआयना कर जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं।