शिया समुदाय की ओर से बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ईद परंपरागत तरीके से मनाई गई।। इस दौरान इमामबाड़ा व मसजिदाें में लोगों ने देश में अमन-आे-अमान की दुआएं करते हुए नमाज अदा की।
चप्पे-चप्पे पर पुलिस व पीएसी के जवान तैनात रहे। इसके बाद शुरू हुआ ईद मिलन का सिलसिला पूरे दिन जारी रहा। लोग एक-दूसरे के गले मिलकर गिले-शिकवे भुलाते हुए ईद की मुबारकबाद दे रहे हैं।
शिया समुदाय के धर्मगुरु ईरान के मौलाना आयत उल्ला सैयद अली की ओर से मंगलवार देर रात ईद के चांद की तस्दीक की गई। इसके बाद सिया समुदाय के लोगों ने बुधवार को ईद मनाने का फैसला किया। सुबह से ही ईद की खुशियां शिया समुदाय के लोगों के चेहरे पर झलक रही थी।
शहर के सैयद बाड़ा जामा मसजिद काजीपुरा में मौलाना सैयद मोहम्मद मेंहदी रिजवी ने अकीदत के साथ नमाज पढ़ाई। इसके बाद सभी ने नमाज अदा करते हुए पाक रमजान माह सकुशल निपटने पर अल्लाह का शुक्र मनाया।
उधर अकबरपुरा मस्जिद में मौलाना सैयद मोहम्मद हसन, कर्बला में मौलाना सैयद अल रजा, नगरौर में अंबेडकरनगर के मौलाना नदीम हैदर, जरवल में मौलाना मोहम्मद अहमद रजा, नानपारा के मोहल्ला किला में स्थित नवाब मुन्नन शाह मस्जिद में मौलाना मोहम्मद हैरद में नमाज अदा की गई।
वहीं, बावर्ची टोला में स्थित इमामबाड़ा में ईरान के मौलाना मोहम्मद बाबर सहजाद ने ईद की नमाज पढ़ाई। इस मौके पर अली हुसैन, कलीम अब्बास, मोहम्मद अरशद, एकराम हुसैन आदि ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद मुबारकबाद दी।