बहराइच के धनकुट्टीपुरा में शराब के ठेके पर सीसीटीवी में चोरी करते हुए कैद चोर।
बहराइच। दरगाह शरीफ थाना के धनकुट्टीपुरा रेलवे स्टेशन मोड़ स्थित देसी शराब की दुकान से चोरों ने बुधवार की रात लगभग साढ़े तीन लाख की नकदी पार कर दी। वारदात की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। व्यापारी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
धनकुट्टीपुरा में रामगांव थाने के टेढि़या भैय्या पुरवा निवासी कुंवर मोहित सिंह की देसी शराब की दुकान है। जिसकी देखरेख उनके भाई मयंक सिंह करते हैं। बृहस्पतिवार की सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान के गल्ले में रखी नकदी गायब थी। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की गई। उसमें चोर रात 12 बजे दुकान का शटर उठाकर अंदर घुसकर, रुपयों से भरा गल्ले का बॉक्स ले जाते हुए दिखाई दिए। वहीं, गल्ले के पास ही दुकान का कर्मचारी कंबल ओढ़कर सोते हुए नजर आया, लेकिन उसे घटना की भनक तक नहीं लगी।
सुबह कर्मचारियों को चोरी का पता चला। व्यापारी ने थाना पहुंचकर लगभग साढे़ तीन लाख रुपये नकदी चोरी होने की तहरीर दी है। दरगाह थाना के निरीक्षक चंद्रेश कुमार ने बताया कि चोरी का मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर को पकड़ कर जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।