नानपारा (बहराइच)। नानपारा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने अगरहा के प्रधान समेत तीन लोगों पर उनकी नाबालिग बेटी को ले जाने का आरोप लगाते हुए कोर्ट में वाद दायर किया था। शनिवार को पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर सभी आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज किया।
कोतवाली में दर्ज एफआईआर के अनुसार आरोप है उनकी 17 वर्षीय बेटी को 23 दिसंबर, 2024 को नवाबगंज थाना के मंसूगांव निवासी लवकुश अपने साथ ले गया। 28 दिसंबर को रामगांव थाने में बेटी समेत आरोपी लवकुश और काशीराम के मौजूद होने की जानकारी होने पर वे वहां पहुंचे। लेकिन पुलिस ने अगरहा के ग्राम प्रधान शिवप्रसाद के दबाव में आकर तीनों को उन्हीं के साथ भेज दिया। पीड़ित को अगले दिन बेटी के कोर्ट में बयान देने के बाद उन्हें सौंपने की बात कही।
अगले दिन थाना पहुंचने पर बेटी समेत आरोपी नहीं पहुंचे। दोबारा से बेटी और आरोपियों के पकड़े जाने पर बेटी को सौंपने की बात की लेकिन अभी तक उसका कुछ भी पता नहीं चला। पुलिस में शिकायत करने पर कोई सुनवाई नहीं हुई। नानपारा कोतवाल प्रदीप सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर ग्राम प्रधान समेत तीन के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।