बहराइच (ब्यूरो)। पंचायत चुनाव के अंतिम चरण के लिए होने वाले चुनाव प्रशिक्षण में 156 कर्मचारी गरैहाजिर मिले। इनके खिलाफ केस दर्ज करने का आदेश दिया गया है।
संबंधित विभागों के अधिकारियों के माध्यम से कर्मचारियों से स्पष्टीकरण भी तलब किया गया है। पंचायत चुनाव के अंतिम चरण के लिए विकासखंड चित्तौरा, पयागपुर और विशेश्वरगंज में मंगलवार को प्रशिक्षण आयोजित किया गया था।
इसमें विकासखंड चित्तौरा के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बहराइच से 28 पीठासीन अधिकारी, 11 मतदान अधिकारी प्रथम, 17 मतदान अधिकारी द्वितीय और 15 मतदान अधिकारी तृतीय गैरहाजिर रहे।
विकासखंड पयागपुर में कौशलेंद्र विक्रम इंटर कॉलेज कोट बाजार से छह पीठासीन अधिकारी, तीन मतदान अधिकारी प्रथम, 10 मतदान अधिकारी द्वितीय और छह मतदान अधिकारी तृतीय गायब रहे।
विकासखंड विशेश्वरगंज में जूनियर हाईस्कूल में चल रहे प्रशिक्षण से 25 पीठासीन अधिकारी, 18 मतदान अधिकारी प्रथम, 14 मतदान अधिकारी द्वितीय और तीन मतदान अधिकारी तृतीय अनुपस्थित मिले।
सीडीओ राकेश कुमार ने बताया कि सभी कर्मचारियों के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 134 के तहत केस दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। विभागीय अधिकारियों के माध्यम से कर्मचारियों से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।