चित्तौरा (बहराइच)। झगड़ा कर रहे तीन युवकों ने बीचबचाव कराने गए युवक पर फायर कर दिया था। पैर में गोली लगने से घायल युवक को मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया था। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
देहात कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नव्वागढ़ी घसियारीपुरा निवासी सीमा सिंह ने कोर्ट में वाद दायर किया था। उनका आरोप था कि चार मई को उनके पति शेखर सिंह किराना स्टोर पर पान मसाला लेने गए थे। उसी दौरान तीन व्यक्ति विवाद करते हुए नजर आए। उन्होंने बीचबचाव कराया लेकिन एक व्यक्ति ने असलहे से फायर कर दिया था।
गोली उनके पैर में लगी और वह अचेत होकर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनकर वह और पड़ोसी मौके पर पहुंचे और अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ ले जाना पड़ा था। पुलिस ने शिकायत नहीं दर्ज की जिसके बाद उन्होंने कोर्ट की शरण ली। कोतवाल बृजेंद्र मिश्रा ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।