शिवपुर/बलहा (बहराइच)। नानपारा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने शनिवार को दूसरे समुदाय के युवक, ग्राम प्रधान समेत तीन लोगों पर बहन को साथ ले जाकर शादी करवाने का आरोप लगाते हुए शिकायती पत्र दिया है। नानपारा कोतवाली पुलिस ने आरोपियों पर अपहरण के मामले में केस दर्ज किया।
गांव निवासी व्यक्ति का आरोप है कि 27 जनवरी को उनकी 19 वर्षीय बहन को हकीमपुरवा निवासी सलमान शादी का झांसा देकर साथ ले गया। जानकारी होने पर वे, उनकी मां, गांव निवासी पूर्व प्रधान के साथ बहन का पता लगाते हुए 31 जनवरी को हकीमपुरवा प्रधान सादिक हुसैन के गेस्ट हाउस पहुंचे, जहां सलमान और बहन मौजूद मिली। प्रधान ने बहन की शादी सलमान से करवाने की बात कही।
पुलिस में शिकायत करने की बात की तो प्रधान ने जान से मारने की धमकी दी और बहन को साथ भेज दिया। इसके बाद दोबारा से चार फरवरी को सलमान बहन को शादी का दिलासा देकर साथ ले गया। इसमें उसका सहयोग सलमान के चाचा सगीर और प्रधान सादिक ने किया। जब वे प्रधान के पास गए और बहन को लौटाने की बात कही तो उन्होंने पुलिस में शिकायत करने पर उल्टा जेल भिजवाने की धमकी दी। नानपारा कोतवाल प्रदीप सिंह ने बताया कि ग्राम प्रधान समेत तीन लोगों पर केस दर्ज कर युवती की तलाश की जा रही है।