फखरपुर (बहराइच)। लखनऊ-बहराइच हाईवे पर चौधरी सियाराम इंटर कॉलेज के पास शादी समारोह से लौट रही कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक के नशे में होने के कारण वाहन का गेट नहीं खुलने से सभी लोग कार में ही फंसे रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद कार से बाहर निकला और जिला अस्पताल भेजा। जहां पर घायलों का इलाज चल रहा है। दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जरवलरोड थाना क्षेत्र के अराई कला गांव निवासी रोशन लाल (35) पुत्र राम मूरत अपने परिवारीजनों के साथ कार से मंगलवार को मुख्यालय में एक शादी समारोह में शिरकत करने आया था। शादी में शामिल होने के बाद वह देर रात घर के लिए निकले। जैसे ही वह बहराइच-लखनऊ हाईवे पर फखरपुर थाना क्षेत्र के चौधरी सियाराम इंटर कॉलेज के पास पहुंचे, तभी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
इससे कार में सवार रोशन लाल, किशन, अमित कुमार, ज्योति, अमन, मुकेश कुमार व शिव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे फखरपुर थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश त्रिपाठी ने गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकलवाकर अस्पताल भिजवाया। थानाध्यक्ष ने बताया कि नैनो कार का चालक नशे की हालत में था, जिसके कारण हादसा हुआ।