बहराइच। बलहा विधानसभा उपचुनाव को देखते हुए कलेक्ट्रेट सभागार में प्रत्याशियों के साथ बैठक की गई, जिसमें सामान्य प्रेक्षक ने चुनाव के दौरान जातीय व धार्मिक उन्माद फैलाने वाले बयानों से प्रत्याशियों व नेताओं से बचने की अपील की।
सामान्य प्रेक्षक बीके पांड्या ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी आदर्श आचार संहिता का अक्षरश: अनुपालन सुनिश्चित करते हुए प्रत्याशी दोस्ताना माहौल में चुनाव लड़ें। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों के साधारण आचरण के बारे में जारी की गयी आदर्श आचार संहिता में निर्देश दिया गया है कि किसी दल या प्रत्याशी को ऐसा कोई कार्य नहीं करना चाहिये, जो विभिन्न जातियों और धार्मिक या भाषायी समुदायों के बीच विद्यमान मतभेदों को बढ़ाये या घृणा की भावना उत्पन्न करे या तनाव पैदा करे।
प्रेक्षक ने प्रत्याशियों को सुझाव दिया कि बिना अनुमति प्राप्त किये जुलूस, सभा अथवा वाहनों का संचालन न करें। चुुनाव प्रक्रिया के दौरान यदि किसी प्रत्याशी अथवा राजनीतिक दलों को किसी प्रकार की कोई शिकायत है तो वह उसकी जानकारी रिटर्निंग ऑफिसर, जिलाधिकारी अथवा उनको दे सकते हैं। बीके पांड्या ने बताया कि आयोग की ओर से निर्वाचन व्यय की अधिकतम सीमा 28 लाख रुपये निर्धारित की गयी है। सभी प्रत्याशी पूरी सावधानी के साथ निर्वाचन व्यय करें।
बैठक के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी जयचंद्र पांडेय, नोडल अधिकारी व्यय अनुवीक्षण सेल प्रदीप कुमार यादव, निर्वाचन व्यय लेखा प्रभारी अशोक कुमार प्रजापति, रिटर्निंग ऑफिसर कीर्ति प्रकाश भारती ने प्रत्याशियों तथा उनके प्रतिनिधियों को सामान्य आचरण, वाहन, जुलूस, सभा की अनुमति प्राप्त करने, मतदान दिवस के दिन मतदान केंद्र के 100 मीटर की परिधि में बूथ की स्थापना, मतदाता पर्ची, निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान तीन बार होने वाले निर्वाचन व्यय लेखा की जांच आदि के बारे में आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशों की जानकारी प्रदान की गयी तथा प्रत्याशियों एवं उनके अभिकर्ताओं द्वारा पूछे गये प्रश्नों के जवाब भी दिये।
इस मौके पर नगर मजिस्ट्रेट जय प्रकाश, प्रेक्षक के लाइजन ऑफिसर सहायक आयुक्त सर्वेश चंद्र श्रीवास्तव, भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी सरोज सोनकर, इंडियन नेशनल कांग्रेस की प्रत्याशी मनु देवी, बहुजन मुक्ति पार्टी के प्रत्याशी धनपत प्रसाद, जय हिंद समाज पार्टी के प्रत्याशी बैजनाथ, जन अधिकार पार्टी के प्रत्याशी राम दयाल, निर्दल प्रत्याशी किरन देवी व लाल चंद्र सहित समाजवादी पार्टी, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया, बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशियों के अभिकर्ता तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।