बहराइच। निकाय चुनाव का प्रचार समाप्त होने के बाद अब प्रत्याशियों व समर्थकों के बीच सोशल मीडिया पर युद्ध शुरू हो गया है। सियासी दल व निर्दल प्रत्याशी सोशल मीडिया पर लुभावने वादों के जरिये मतदाताओं को साधने मेंं जुट गए हैं। प्रत्याशी सोशल मीडिया पर मिल रहे लाइक व कमेंट को ही अपनी जीत का आधार मानकर खुश हो रहे हैं।
जिले की दो नगर पालिका व छह नगर पंचायतों में चार मई को मतदान है। आयोग के निर्देश पर मतदान के 48 घंटे पहले यानी बीते मंगलवार की शाम छह बजे से चुनाव प्रचार बंद हो गया है। ऐसे में अब निकाय चुनाव की हलचल सोशल मीडिया पर तेज हो गई है। प्रत्याशी चुनाव में जीत हासिल करने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं। इसलिए सभी व्हाट्सएप ग्रुप, फेसबुक समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर अपने-अपने अंदाज में चुनावी जंग शुरू कर दी है।
शुभचिंतकों से लाइक व कमेंट करने की कर रहे गुजारिश
निकाय चुनाव में सोशल मीडिया का सहारा लेने वाले कुछ प्रत्याशी अपने शुभचिंतकों व सहयोगियों को फोन कर सभी से अधिक से अधिक संख्या में प्रचार को लाइक, कमेंट व शेयर करने की अपील कर रहे हैं। सोशल मीडिया के मित्र भी सभी प्रत्याशियों के प्रति अपना विश्वास जताकर किसी को भी निराश न करते हुए उनके वादों व घोषणाओं को लाइक व कमेंट कर रहे हैं।