बहराइच। शहर को पॉलिथीन मुक्त करने की मुहिम शुरू की गई है। जिला प्रशासन द्वारा महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों की मदद से कपड़े के छपे सस्ते झोले दुकान-दुकान पहुंचाने का अभियान शुरू किया जा रहा है।
अभियान सफल हुआ तो पॉलिथीन थैलियों की जगह 5, 8 व 10 रुपये कीमत के छपे हुए कपड़े के झोले अब बहराइच की दुकानों तथा ग्राहकों के हाथों में दिखेंगे। नगर मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर ने बृहस्पतिवार को बताया कि जिले में काम कर रही जरूरतमंद महिलाओं के 150 स्वयं सहायता समूहों से कपड़े के सस्ते झोले बनाकर दुकानों और घरों में सप्लाई करने का आह्वान किया गया है। पायलट प्रोजेक्ट के रूप इसकी शुरुआत ''स्वच्छ भारत-स्वच्छ बहराइच'' के नाम से की जा रही है।
उन्होंने बताया कि अभियान से जरूरतमंद महिलाओं को रोजगार उपलब्ध होगा साथ ही हमारा शहर व जिला धीरे धीरे पॉलिथीन मुक्त हो जाएगा। नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि इसके लिए उद्योग व्यापार मंडल व अन्य स्वयंसेवी संगठनों से मदद ली जा रही है। पायलट प्रोजेक्ट के रूप में इसे बहराइच शहर से शुरू किया जा रहा है। बाद में जनपद में इसका प्रसार होगा।
बताया कि उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष कुलभूषण अरोरा, उपाध्यक्ष मनीष मल्होत्रा, महामंत्री दीपक सोनी व रामकिशोर गुप्ता के साथ हुई बातचीत में फैसला लिया गया कि आगामी सोमवार को उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, प्लास्टिक तथा अन्य झोला निर्माताओं, विक्रेताओं तथा झोले में भरकर सामान बेचने वाले दुकानदारों के संगठनों की एक बैठक बुलाई गई है।
बैठक में अभियान को सफल बनाने के विचार मांगे गए हैं। उद्योग व्यापार मंडल की ओर से ''स्वच्छ भारत-स्वच्छ बहराइच'' अभियान के प्रभारी डिस्पोजेबल बैग निर्माता व्यापारी रामकिशोर गुप्ता को बनाया गया है।