निशानगाड़ा रेंज के भट्ठा बरगदहा गांव में तेंदुए को पकड़ने के लिए कांबिंग करते वनकर्मी।
मिहींपुरवा (बहराइच)। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के निशानगाड़ा रेंज के भट्ठा बरगदहा में बृहस्पतिवार को पांच ग्रामीणों को घायल करने वाले तेंदुए की धरपकड़ तेज हो गई है। वन विभाग ने गांव में पिंजरा लगाया है और वन विभाग की टीम गांव के आसपास कांबिंग कर रही है। वहीं, ग्रामीणों का आरोप है, कि गांव के आसपास अभी भी तेंदुआ देखा जा रहा है।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के निशानगाड़ा रेंज के भट्ठा बरगदहा गांव में बृहस्पतिवार को तेंदुए ने दस्तक दी थी। तेंदुआ ग्रामीण के घर में घुस गया था और दो ग्रामीणों को घायल करने के बाद बाहर खड़े तीन लोगों को भी घायल कर दिया था। जिसके बाद से ग्रामीण दहशत में हैं और गांव के आसपास तेंदुए के मौजूद होने की बात कह रहे हैं। तेंदुए के आतंक से निजात दिलाने के लिए ग्रामीणों ने पिंजरा लगाने की मांग की थी।
ग्रामीणों की मांग पर वन विभाग ने गांव में गन्ने के खेत किनारे पिंजरा लगवा दिया है। रेंजर सुरेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि वन विभाग की टीम लगातार गांव में गश्त कर रही है और तेंदुए के हमले से बचाव के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है। टीम में वन दरोगा रामसुख, आदर्श कुमार, बीट प्रभारी कौशल कुमार, किशोर सिंह, वाचर पंकज यादव व अन्य मौजूद रहे।