बहराइच/फखरपुर। जिले में शनिवार रात हुए दो सड़क हादसों में मिठाई व्यवसायी सहित दो लोगों की मौत हो गई। देहात कोतवाली इलाके में हुजूरपुर मार्ग स्थित कटी चौराहा निवासी मानस यज्ञसैनी (30) की अस्पताल चौराहे के निकट मिठाई की दुकान है। वह शनिवार रात करीब 11 बजे दुकान बंद करने के बाद वह इलेक्ट्रिक बाइक से प्रतिदिन की तरह घर लौट रहे थे। कटी चौराहे के पास पहुंचने पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार से उनकी बाइक में जोरदार टक्कर लग गई। हादसे में मानस गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल मानस को लेकर मेडिकल कॉलेज गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी दद्दन सिंह ने बताया कि हादसे में शामिल कार और उसके चालक को कब्जे में ले लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उधर अलीनगर निवासी चिंटू (45) शनिवार रात बाइक से बौंडी के केला गांव स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे। फखरपुर के रामललापुरवा के निकट किसी अज्ञात वाहन से उनकी बाइक में टक्कर लग गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायल चिंटू को सीएचसी फखरपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान चिंटू की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
दो साल पहले हुई थी मानस की शादी
शहर के कटी चौराहा निवासी मिठाई व्यवसायी मानस यज्ञसैनी की शादी दो साल पहले हुई थी। उनकी कोई संतान नहीं थी। सड़क हादसे में मानस की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पिता श्रवण यज्ञसैनी की आंखें घटना के बाद पथरा सी गईं। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक मानस तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। हादसे के बाद पत्नी और परिजनों का विलाप सुनकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।