गिरिजापुरी पेट्रोल पंप के निकट खड्ड में उतरी बस व जमा भीड़। -स्रोत :ग्रामीण
बिछिया। बहराइच से सुजौली जा रही निजी बस का अगला टायर शुक्रवार सुबह कतर्नियाघाट जंगल में गिरिजापुरी पेट्रोल पंप के पास फट गया। इससे अनियंत्रित बस सड़क से उतरकर झाड़ियों में जा घुसी। हादसे में चालक समेत करीब 50 यात्री बच गए। किसी को गंभीर चोट नहीं आई। बस सुबह पांच बजे बहराइच से रवाना हुई थी।
करीब 9:30 बजे बिछिया बाजार होते हुए सुजौली जाते समय गिरिजापुरी पेट्रोल पंप के पास अचानक अगला टायर फट गया। बस झाड़ियों में घुसते ही रुक गई। इससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सभी यात्री आनन-फानन बस से बाहर निकल आए। सूचना पर थाना प्रभारी मंजेश टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि हादसे में किसी यात्री को चोट नहीं आई। स्थानीय लोगों ने यात्रियों की मदद की। बाद में सभी यात्री अपने-अपने साधनों से गंतव्य के लिए रवाना हो गए।