बहराइच में सोमवार को एआरटीओ कार्यालय पर प्रदर्शन करते बस आपरेटर एसोएशिन के पदाधिकारी।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। डग्गामार वाहनों के खिलाफ सोमवार को प्राइवेट बस एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मोर्चा खोलते हुए बसों का चक्का जाम कर दिया। इस दौरान नाराज पदाधिकारियों ने एआरटीओ कार्यालय में धरना-प्रदर्शन करते हुए डग्गामार वाहनों के संचालन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
शहर के विभिन्न स्थानों से चल रहे डग्गामार वाहनों के खिलाफ जनपद प्राइवेट बस यूनियन के पदाधिकारियों ने मोर्चा खोलते हुए बसों को चक्काजाम कर दिया। इस दौरान संगठन के अध्यक्ष अब्दुल रशीद अड्डू मामू की अगुवाई में पदाधिकारियों व वाहन स्वामियों ने एआरटीओ कार्यालय में नारेबाजी करते हुए धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
धरने को संबोधित करते हुए अध्यक्ष अड्डू मामू ने कहा कि शहर में अवैध तरीके से बेखौफ दौड़ रहे डग्गामार वाहनों के संचालन से बस स्वामियों को परमिट की धनराशि बचाना मुश्किल हो गया है। महामंत्री शहाब जैदी ने कहा कि डग्गामार वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए संगठन के पदाधिकारियों ने डीएम, एसपी व एआरटीओ को कई बार पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई। लेकिन इसके बावजूद इस पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।
महामंत्री ने कहा कि जिला मुख्यालय के विभिन्न बस स्टैंडों से तीन सौ पंजीकृत वाहन मार्गों पर संचालित हैं। लेकिन डग्गामार वाहनों के संचालन से बसों का जमा होने वाला टैक्स तक नहीं निकल पा रहा है। महामंत्री ने कहा कि झिंगाहाघाट स्थित बस यूनियन के कार्यालय पर करीब पुलिस के संरक्षण में खुलेआम अवैध तरीके से टैक्सी स्टैंड संचालित है। शाम होते ही टैक्सी स्टैंड पर अराजकतत्व नशे की हालात में स्टैंड पर आने वाली महिला यात्रियों से अभद्रता करते रहते हैं।
धरना-प्रदर्शन के दौरान वाहन स्वामियों ने डग्गामार वाहनों के खिलाफ अंकुश लगाने की आवाज उठाते हुये चेतावनी दी कि अगर इन वाहनों पर अंकुश नहीं लगाया जाता है, तो सभी तीन सौ वाहनों के परमिट को विभाग वापस ले लेंगे।
प्रदर्शन के दौरान मौके पर पंहुचे एआरटीओ प्रशासन व यातायात प्रभारी ने पदाधिकारियों को कार्रवाई का आश्वासन देते हुये धरना-प्रदर्शन समाप्त कराया। इस मौके पर उपाध्यक्ष ईश्वर सिंह, सचिव मोहम्मद अच्छन आदि मौजूद रहे।