तहसील प्रशासन व लोक निर्माण विभाग ने संयुक्त रूप से की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
महसी(बहराइच)। तहसील महसी महाराजगंज कस्बा में अवैध रूप से मार्ग किनारे किए गए अतिक्रमण के खिलाफ जेसीबी से कार्रवाई की गई। तहसील व लोक निर्माण विभाग के संयुक्त अभियान में दर्जनों दुकानों के सामने किए गए अवैध निर्माण को हटाया गया। जिम्मेदारों ने कार्रवाई से पूर्व सभी को नोटिस देकर अतिक्रमण हटाने की बात कही थी। जिस पर अमल न करने पर उसे बुलडोजर से हटवाया गया।
लोकनिर्माण विभाग के अधिकारियों व तहसील प्रशासन ने पुलिस बल के साथ रविवार की शाम महराजगंज कस्बे में सड़क के किनारे हुए अतिक्रमण को हटवाया। लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता पंकज सिंह व एसडीएम महसी राकेश कुमार मौर्य ने बताया कि कुछ दिन पूर्व लाउडस्पीकर द्वारा सड़क के किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने की चेतावनी दी गई थी। लेकिन अतिक्रमणकारियों ने अतिक्रमण नहीं हटाया। जिसके बाद शासनादेश के अनुपालन में पुलिस के सहयोग से सड़क के मध्य भाग से 10 मीटर की परिधि में दोनों तरफ के अस्थाई अवैध अतिक्रमण को जेसीबी हटवाया गया। कार्रवाई के दौरान कस्बे में गहमागहमी का माहौल रहा। वहीं इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।