बहराइच। जिले में स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम (पीएमजेवीके) के तहत 32 करोड़ 84 लाख 34 हजार रुपये की दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं को अगस्त में मंजूरी मिली थी। अब उम्मीद जताई जा रही है कि नवंबर माह के अंत तक बजट जारी हो जाएगा और काम रफ्तार पकड़ लेगा।
स्वीकृत हो चुकीं परियोजनाओं में सबसे बड़ी परियोजना मेडिकल कॉलेज परिसर में बहुमंजिला ओपीडी भवन का निर्माण है। इस पर 27 करोड़ 88 लाख रुपये खर्च होंगे। भवन बनने से मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही बढ़ रही मरीजों की संख्या के दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। ओपीडी सेवाओं के विस्तार से मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, शहर के राजकीय इंटर कॉलेज में 4 करोड़ 95 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक ऑडिटोरियम बनेगा। इससे शैक्षिक और अन्य आयोजनों के लिए बेहतर आधारभूत सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
तीन पंचायत उत्सव भवन को स्वीकृति की उम्मीद
शासन को भेजे गए पांच परियोजनाओं के प्रस्ताव में दो को स्वीकृति मिली थी। इसमें शामिल तीन पंचायत उत्सव भवन को भी स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। इनका निर्माण भी करीब चार करोड़ रुपये से होगा।
पिछले वर्ष स्वीकृत थीं 21 परियोजनाएं
वित्तीय वर्ष 2025-26 में 44.59 करोड़ रुपये की लागत वाली 21 परियोजनाओं को मंजूरी मिली थी। इनमें पेयजल की 14 परियोजनाएं, कॉमन सर्विस सेंटर, 50 बेड का छात्रावास और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की चहारदीवारी आदि शामिल थे।
स्वीकृत हो चुकीं दो परियोजनाओं का बजट आचार संहिता लगने से पहले आने की उम्मीद है। कार्यदायी संस्था शासनस्तर से नामित होगा।
- मुहम्मद खालिद, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी।