पयागपुर के कल्हवापुर में जमीनी विवाद को लेकर मारपीट में घायल का इलाज करते चिकित्सक।
पयागपुर (बहराइच)। ग्राम पंचायत कल्हवापुर में बृहस्पतिवार को जमीन के विवाद में जीजा-साले भिड़ गए। आरोप है कि इस दौरान साले पक्ष के लोगोंं ने लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में दोनों पक्षों के नौ लोग घायल हो गए। जिसमें जीजा पक्ष के तीन लोगों की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया।
पयागपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत कल्हुवापुर निवासी इंद्रसेन मिश्रा ने आरोप लगाते हुए बताया कि उनके पिता अमृतलाल मिश्रा व लाल बहादुर पांडेय के बीच जमीन का विवाद है। लाल बहादुर पांडेय उनकी जमीन को अपना बता रहे हैं, जबकि लेखपाल ने जमीन की पैमाइश भी कर दी है। बृहस्पतिवार को दूसरे पक्ष के लोग उनकी जमीन पर लगे बांस को काट रहे थे। जब उनके भतीजे ने रोका तो उसे पीटने लगे। भतीजे की पिटाई की जानकारी होने पर जब उनके पिता अमृत लाल, भाई मनोज कुमार, नैमिष कुमार आदि मौके पर पहुंचे तो विपक्षियों ने लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला कर दिया।
मारपीट में अमृतलाल, मनोज कुमार व नैमिष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए सीएचसी पयागपुर ले जाया गया। जहां उनकी हालत गंभीर देख चिकित्सकोंं ने मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। दूसरे पक्ष से साले पंकज पांडेय, बलई, रिशू, दादू राम, गुल्ले आदि को भी आंशिक चोटें आई हैं।
थाना प्रभारी करुणाकर पांडेय ने बताया कि दोनों पक्ष आपस में जीजा-साले हैं। जीजा पक्ष की तहरीर पर पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।