बहराइच/श्रावस्ती। यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के मेधवियों को अमर उजाला सम्मानित करेगा। सम्मानित होने वाले इन मेधावियों में बहराइच के दो मेधावी शामिल हैं, जबकि श्रावस्ती के भी दो होनहार हैं। मेधावी मंगलवार को लखनऊ रवाना हो गए। वहां आज मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के हाथ साइकिल देकर सम्मानित किया जाएगा। रवाना होने के दौरान छात्र काफी गदगद दिखे।
वर्ष 2015 की यूपी बोर्ड की परीक्षा में पयागपुर स्थित रामप्रकाश इंटर कॉलेज सुहेलवा के इंटरमीडिएट के छात्र मुकेश पाठक और हाईस्कूल की परीक्षा में गड़वा नौतला स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया गर्वमेंट इंटर कॉलेज के छात्र सौरभ कुशवाहा को आज लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सम्मानित करेंगे। मंगलवार को जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह के निर्देशन में दोनों छात्र रवाना हुए।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि कार्यालय के वरिष्ठ लिपिक शिवलाल की अगुवाई में मेधावी छात्रों को लखनऊ भेजा गया है। उधर, श्रावस्ती में इंटरमीडिएट में सर्वाधिक अंक पाने वाली मुस्कान सिंह व हाईस्कूल में सर्वाधिक अंक पाने वाले आशुतोष पाठक भी मंगलवार सुबह जिले से लखनऊ के लिए रवाना हुए। इस सफलता से मेधावियों के घर में भी जश्न का माहौल है।