बहराइच में बृजभूषण शरण सिंह ने बाबा रामदेव पर एक बार फिर निशाना साधा। प्रतिभा सम्मान समारोह में उन्होंने कहा कि मिलावट करने वालों में वो सबसे आगे हैं। यह सिर्फ घी का मामला नहीं, नकली खाद्य पदार्थ बड़ी समस्या हैं। आगे पढ़ें पूरी खबर...
यूपी के बहराइच में शनिवार को शहर के पानी टंकी क्षेत्र स्थित एक लॉन में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह भी शामिल हुए। उन्होंने हाईस्कूल और इंटर के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बाबा रामदेव और पतंजलि को लेकर अपने पुराने आरोपों को दोहराया। कहा कि वह मिलावटी और नकली सामान बनाने वालों का विरोध करते हैं और मिलावट के मामले में बाबा रामदेव सबसे आगे हैं।
विज्ञापन
पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने जिले भर से एकत्रित 500 मेधावियों को सम्मानित करने के बाद बाबा रामदेव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ 50 करोड़ के मानहानि का मुकदमा दायर किया गया है। मैं कुर्बानी देने को भी तैयार हूं, आगे जो होगा, देखा जाएगा। मामला केवल पतंजलि के घी तक सीमित नहीं है। गांव-गांव में नकली पनीर और अन्य खाद्य पदार्थों की बिक्री हो रही है। उनके अनुसार, नकली खाद्य पदार्थ आज बड़ी समस्या बन चुके हैं।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि सरकार को खाद्य पदार्थों में मिलावट के मामले को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने पतंजलि के कुछ उत्पादों को लेकर विदेशों में कार्रवाई और विभिन्न अदालतों में चल रहे मामलों का भी जिक्र किया।
कार्यक्रम में भाजपा विधायक सुभाष त्रिपाठी, सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पांडेय, सदर विधायक अनुपमा जायसवाल, ब्लॉक प्रमुख अजीत प्रताप सिंह और यशुवेंद्र विक्रम सिंह समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।