बौंडी। कैसरगंज क्षेत्र में भेड़िये ने शनिवार देर शाम हमला कर चार वर्षीय बच्चे व युवक को जख्मी कर दिया। दाेनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैसरगंज में भर्ती कराया गया है। हमले से गांव के लोगों में दहशत है।
लोनियनपुरवा गांव निवासी चंदर (4) शनिवार देर शाम परिजनों के साथ घर के बाहर छप्पर में था तभी अचानक सामने स्थित खेत से निकले भेड़िये ने उस पर झपट्टा मारा, लेकिन परिजनों के दौड़ने से बच्चे को छोड़ भेड़िया फिर खेत की ओर भाग गया।
वहीं दूसरी घटना ग्राम पंचायत बेदौरा में हुई, जहां खेत में काम कर रहे अंकित पर गन्ने के खेत से अचानक निकले भेड़िये ने हमला कर दिया। अंकित के शोर मचाने पर आसपास के लोग हांका लगाते हुए दौड़े और भेड़िये को भगाया।
दोनों घायलों को गंभीर हालत में सीएचसी फखरपुर भेजकर उपचार कराया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि दोनों की स्थिति स्थिर है, प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को घर भेज दिया गया है। डीएफओ राम सिंह यादव ने बताया कि दोनों स्थानों पर वन विभाग की टीम कॉम्बिंग कर रही है। ग्रामीणों को अलर्ट किया गया है।