भारत-नेपाल सीमा पर कोतवाली मुर्तिहा के चितलहवा में सड़क मार्ग पर आवागमन बंद करने के बाद रूट मार्च
- फोटो : BAHRAICH
उर्रा (बहराइच)। मुर्तिहा पुलिस और एसएसबी की समन्वय बैठक व गश्त के बाद चितलहवा में सीमा को सील कर आवागमन पर रोक लगा दी गई है। अब नेपाल के लोग भारत न आ सकेंगे और न ही जा सकेंगे। यह निर्णय कोरोना वायरस के प्रकोप को कम करने के लिए लिया गया है। पुलिस औेर एसएसबी के जवानों ने ग्रामीणों को कोरोना वायरस से बचाव के लिए सतर्क भी किया।
जिले के रुपईडीहा में नेपाल से आने वाले लोगों पर रोक दो दिन पूर्व लग चुकी है, जबकि मिहींपुरवा में बलई गांव और चितलहवा बाजार से लोगों का आवागमन हो रहा था। इसको देखते हुए कोतवाली मुर्तिहा के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार और चितलहवा बार्डर आउट पोस्ट के एसएसबी के जवान पहुंचे। उन्होंने गांव के लोगों को कोरोना वायरस से बचाव के प्रति जागरूक किया।
साथ ही लोगों को 20 सेकेंड तक साबुन से हाथ धुलने, पीड़ित मरीज से एक मीटर की दूरी बनाए रखने और खांसी व सांस लेने की दिक्कत होने पर तुरंत चिकित्सकों से सलाह लेने की बात कही। कोतवाल ने बताया कि सीमा को सील कर चितलहवा बाजार से हो रहे आवागमन को बंद कर दिया गया है। अब सिर्फ पैदल ही दोनों देशों के लोग आवागमन कर सकते हैं। इस दौरान पुलिस और एसएसबी के जवान मौजूद रहे।