धरसवां (बहराइच)। ग्रामीणों के मुताबिक प्रेमी लल्लू यादव व सुशीला के बीच प्रेम प्रसंग शादी से पूर्व से था। इसे लेकर कई बार विवाद भी हुआ। लोगों ने लल्लू को समझाया भी लेकिन उसने किसी की न सुनी और नतीजतन उसकी हत्या हो गई।
कोतवाली देहात के ककरा में शुक्रवार रात हुई निर्मम हत्या से क्षेत्र में सनसनी है। ग्रामीणों के मुताबिक लल्लू शादी के पहले से सुशीला को जानता था। इसी बीच सुशीला की शादी उसी के गांव के रहने वाले सुरेन्द्र से हो गई। इसके बाद प्रेम प्रसंग और प्रगाढ़ हो गया। प्रेम प्रसंग को लेकर जब लल्लू की पत्नी रीता विरोध करती थी। इस पर उसे पीटता था।
सुशीला का पति सुरेन्द्र भी पत्नी पर शक करता था। आए दिन उसकी खटपट होती थी। प्रेम प्रसंग को लेकर दोनों में कई बार कहासुनी भी हुई। बावजूद इसके लल्लू नहीं माना और सुशीला के साथ प्रेम प्रसंग जारी रखा। शुक्रवार रात उसकी निर्मम हत्या हो गई। लल्लू अपने पीछे पत्नी रीता देवी, बेटा वकील (10), बेटा मुलायम (7) व मुकेश (5) को छोड़ गया है।
ग्राम प्रधान रामू ने बताया कि लल्लू की हरकतों की वजह से उसके बेटों के सिर से पिता का साया उठ गया। उन्होंने बताया कि जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही सुशीला का भी परिवार उजड़ गया है। पति सुरेन्द्र गिरफ्तार हो चुका है और वह अस्पताल में भर्ती है। उसके बच्चे लवकुश (13), खुशबू (10), रोली (7) व बिट्टी (3) घटना के बाद से लगातार रो रही हैं।