आईसीपी में बैठक करते दोनों देशों के अधिकारी।
- फोटो : आईसीपी में बैठक करते दोनों देशों के अधिकारी।
रुपईडीहा। भारत-नेपाल सीमा स्थित आईसीपी रुपईडीहा में दोनों देशों के उच्च अधिकारियों की समन्वय बैठक मंगलवार को हुई। इसमें सीमा सुरक्षा के साथ तस्करी पर अंकुश लगाने की रूपरेखा बनाई गई। बैठक की अध्यक्षता एसएसबी के डीआईजी वी. विक्रमन और मुन्ना सिंह ने की, जबकि नेपाल की ओर से डीआईजी दीपेंद्र कुंवर भी शामिल हुए।
एसएसबी 42वीं वाहिनी के कमांडेंट गिरीश चंद्र पांडे ने बताया कि बैठक में सीमा सुरक्षा, आपसी समन्वय और सहयोग को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। दोनों देशों के अधिकारियों ने बेहतर तालमेल के साथ सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने पर सहमति जताई। बैठक के बाद अधिकारियों का दल नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन पहुंचा, जहां रेलवे संचालन की समीक्षा की गई। इस दौरान नेपाल कस्टम द्वारा 100 नेपाली रुपये से अधिक के सामान पर शुल्क लिए जाने के सवाल पर डीआईजी दीपेंद्र कुंवर ने कहा कि यह नेपाल सरकार के निर्देशों के अनुरूप है।
रेलवे के सीनियर डिविजनल ऑपरेशन मैनेजर अनुज कुमार सिंह ने बताया कि इसी माह ट्रेन संचालन शुरू होने की संभावना है। बैठक में एसएसबी के डिप्टी कमांडेंट शशि भूषण, सहायक कमांडेंट अमित कटियार, सुनील कुमार शांति के अतिरिक्त सभासद रतन अग्रवाल, समाज सेवी राजू सिंह तथा देवेंद्र पाठक, रेलवे पुलिस फोर्स के प्रभारी चौकी एसआई नानपारा धनवंत यादव, जयप्रकाश यादव, सुनील यादव, अनंत ओझा तथा शिव बालक सिंह भी मौजूद रहे।