मिहींपुरवा में रजनवा बॉर्डर का मार्ग। -संवाद
बहराइच/मिहींपुरवा। मिहींपुरवा विकास खंड में नेपाल सीमा को जोड़ने वाले रजनवा चौकी मार्ग के चौड़ीकरण का रास्ता साफ हो गया है। शासन ने लगभग 13.9 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए 31.60 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत कर दिया है। मार्ग के चौड़ा होने से मिहींपुरवा क्षेत्र से रजनवा चौकी होते हुए नेपाल आने-जाने वाले लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
बहराइच–श्रावस्ती वृत्त के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र बलहा स्थित रजनवा बॉर्डर पर गेट निर्माण प्रस्तावित है। इसके पूर्व सड़क का चौड़ीकरण कराया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार ने बताया कि एनएच-730 से एसएच-80 चौकी (अजगइयां) तक मार्ग का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इस परियोजना की निर्माण अवधि 12 माह निर्धारित की गई है, जबकि निर्माण पूर्ण होने के बाद पांच वर्षों तक अनुरक्षण की जिम्मेदारी भी संबंधित ठेकेदार की होगी।
उन्होंने बताया कि परियोजना को लेकर अधीक्षण अभियंता कार्यालय द्वारा ई निविदा की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कोशिश है कि जनवरी के अंत तक कार्य शुरू कर दिया जाए। सड़क के बेहतर होने से बलहा क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों को सीधा लाभ मिलेगा।
मार्ग के सुदृढ़ होने से न केवल नेपाल से आवागमन सुगम होगा, बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी आसान बनेगी। क्षेत्र का भी विकास होगा। बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में यह परियोजना अहम मानी जा रही है, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।